पंचदिवसीय स्काउट-गाइड प्रशिक्षण शिविर का उत्साहपूर्वक समापनसुखपुरा, बलिया।
पंचदिवसीय स्काउट-गाइड प्रशिक्षण शिविर का उत्साहपूर्वक समापन
ए.एस.एम. कॉन्वेंट स्कूल, सुखपुरा, बलिया में भारत स्काउट एवं गाइड उत्तर प्रदेश, जिला संस्था बलिया के तत्वावधान में आयोजित पंचदिवसीय स्काउट-गाइड प्रशिक्षण शिविर का समापन आज उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। शिविर में स्काउट्स एवं गाइड्स को शारीरिक, बौद्धिक एवं नैतिक विकास से जुड़े विविध प्रशिक्षण प्रदान किए गए।
प्रशिक्षण शिविर में जिला संगठन कमिश्नर (स्काउट) सौरभ कुमार पाण्डेय, जिला संगठन कमिश्नर (गाइड) सरिता तथा ट्रेनिंग काउंसलर आरोही सिंह ने प्रशिक्षक की भूमिका निभाई। उन्होंने प्रतिभागी स्काउट्स एवं गाइड्स को स्काउट प्रार्थना, झंडा गीत, प्रतिज्ञा, नियम, गांठ-बंधन, प्राथमिक चिकित्सा, सिग्नलिंग, कैंप फायर, साहसिक एवं शारीरिक प्रदर्शन, स्किल-ओ-रामा, टेंट निर्माण तथा पुल निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कौशलों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।
समापन समारोह के अवसर पर स्काउट-गाइड्स द्वारा लाठी, रस्सी, चादर एवं अन्य परिवेशीय तथा हस्तनिर्मित संसाधनों की सहायता से टेंट, पुल, गैजेट्स और हस्तकौशल का आकर्षक प्रदर्शन किया गया। इसके साथ ही बच्चों द्वारा फूड प्लाजा लगाकर अपने कुकिंग कौशल का भी प्रदर्शन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला स्काउट मास्टर अरविन्द कुमार सिंह तथा विशिष्ट अतिथि जिला प्रशिक्षण आयुक्त निर्भय नारायण सिंह उपस्थित रहे। विद्यालय के प्रधानाचार्य अजीत कुमार पाण्डेय, स्काउट मास्टर एस.पी.एन. तिवारी, अरविन्द श्रीवास्तव, प्रकाश कुमार सिंह, शुशील उपाध्याय (पीटीआई) सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मचारीगण भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। अतिथियों ने वनोपसेवन शिविर का निरीक्षण किया तथा बच्चों की ड्रिल, कुकिंग एवं अनुशासन का मूल्यांकन किया।
विद्यालय परिवार द्वारा मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों एवं प्रशिक्षकों को अंगवस्त्र व स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि अरविन्द कुमार सिंह ने कहा कि स्काउटिंग बच्चों में अनुशासन, ईमानदारी, आत्मनिर्भरता और समयबद्ध कार्य करने की आदत विकसित करती है। स्काउट-गाइड प्रशिक्षण से बच्चे अच्छे नागरिक बनकर देश-प्रेम, माता-पिता तथा समाज की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहते हैं।
कार्यक्रम का संचालन जिला संगठन कमिश्नर (स्काउट) सौरभ कुमार पाण्डेय ने किया।
बलिया से ब्यूरो चीफ नवीन सिंह की रिपोर्ट।
Comments
Post a Comment