अपर मुख्य सचिव, शिक्षा विभाग, बिहार द्वारा 17 मार्च को आयोजित समीक्षा बैठक में यह निर्देश दिया गया था कि, "जो शिक्षक ई शिक्षा कोष मोबाईल ऐप पर अपनी उपस्थिति दर्ज नहीं करेंगे, उनके खिलाफ दण्डात्मक अनुशासनिक कार्रवाई की जाएगी।"
बेतिया में 461 शिक्षकों से स्पष्टीकरण की मांग, उपस्थिति दर्ज नहीं करने पर वेतन में कटौती की जाएगी
बेतिया: बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के सरकारी विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों के लिए बड़ी खबर है। जिले के 461 शिक्षकों ने 17 मार्च 2025 को ई शिक्षा कोष मोबाइ ऐप के माध्यम से अपनी उपस्थिति दर्ज नहीं की है, जिसके कारण जिला शिक्षा पदाधिकारी ने सभी शिक्षकों से 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण की मांग की है।
जिला शिक्षा पदाधिकारी मनीष कुमार सिंह ने बताया कि, "यदि शिक्षकों द्वारा दिया गया स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया गया, तो उन्हें अनुपस्थित माना जाएगा और उनके वेतन में कटौती की जाएगी।"
ई शिक्षा कोष मोबाइ ऐप के माध्यम से शिक्षकों की उपस्थिति प्रतिदिन दर्ज की जाती है। इसमें शिक्षकों को विद्यालय आने और जाने के समय की सेल्फी अपलोड करके अपनी उपस्थिति दर्ज करनी होती है। यदि कोई शिक्षक यह प्रक्रिया नहीं करता है तो उसे अनुपस्थित माना जाता है।
मनीष कुमार सिंह ने कहा कि, "17 मार्च को 461 शिक्षकों द्वारा अपनी उपस्थिति दर्ज नहीं की गई। हालांकि, यह संभव है कि कुछ शिक्षक विद्यालय में उपस्थित रहे हों, लेकिन उन्होंने उपस्थिति दर्ज करने में शिथिलता बरती हो। सभी शिक्षकों को यह अवगत कराया गया है कि यदि वे ऐप के माध्यम से उपस्थिति दर्ज नहीं करेंगे तो उन्हें अनुपस्थित माना जाएगा।"
इसके साथ ही, शिक्षा पदाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने भी शिक्षक की अनुपस्थिति की जानकारी सही तरीके से दर्ज नहीं की है, तो उन्हें भी दोषी माना जाएगा।
अपर मुख्य सचिव, शिक्षा विभाग, बिहार द्वारा 17 मार्च को आयोजित समीक्षा बैठक में यह निर्देश दिया गया था कि, "जो शिक्षक ई शिक्षा कोष मोबाईल ऐप पर अपनी उपस्थिति दर्ज नहीं करेंगे, उनके खिलाफ दण्डात्मक अनुशासनिक कार्रवाई की जाएगी।"
जिले के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को 24 घंटे के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी के माध्यम से जिला कार्यक्रम पदाधिकारी को समर्पित करने का आदेश दिया गया है। यदि स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं रहा, तो उन पर एक दिन का वेतन कटौती की जाएगी।
शिक्षा विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि भविष्य में सभी शिक्षक अपनी उपस्थिति प्रतिदिन ई-शिक्षा कोष ऐप पर दर्ज करेंगे, अन्यथा अनुपस्थित मानते हुए वेतन में कटौती की जाएगी।
Comments
Post a Comment