बेतिया में बिजली चोरी का खुलासा: 26 लाख यूनिट की चोरी, 1593 लोगों पर एफआईआर और 2.9 करोड़ का जुर्माना
बेतिया में बिजली चोरी का खुलासा: 26 लाख यूनिट की चोरी, 1593 लोगों पर एफआईआर और 2.9 करोड़ का जुर्माना
जाने पूरा डीटेल
बेतिया में बिजली विभाग को लगातार बिजली चोरी की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद विभाग ने छापेमारी अभियान तेज कर दिया। बिजली विभाग और एसटीएफ की टीम ने पिछले 10 महीनों में 1593 लोगों को पकड़ा है, जिनके खिलाफ बेतिया प्रमंडलीय क्षेत्र के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एफआईआर दर्ज की गई है।
बताया जा रहा है कि इस दौरान 26 लाख यूनिट बिजली चोरी की गई, जिससे विभाग में हड़कंप मच गया है। विभाग ने आरोपियों पर कुल 2 करोड़ 90 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है। यह चोरी अप्रैल से लेकर जनवरी तक के बीच हुई, जिसमें हर माह ढाई लाख यूनिट से अधिक बिजली की चोरी की सूचना मिली है।
जनवरी माह में ही 489 लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई और उन पर 95 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया। बिजली विभाग की टीम ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में भी कार्रवाई तेज कर दी है, ताकि बिजली चोरी पर काबू पाया जा सके।
बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता मनीष कुमार शाक्य ने बताया कि नियमित रूप से टीम बनाकर बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। फरवरी माह में अब तक 200 से अधिक एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं। अधिकारी यह भी कह रहे हैं कि प्रीपेड मीटर लगाने वाले उपभोक्ताओं के घरों में भी छापेमारी की जा रही है, जहां मीटर बाईपास कर चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं।
Comments
Post a Comment